भास्कर न्यूज| धमतरी छत्तीसगढ़ राज्य अशासकीय विद्यालय संचालक संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक 28 फरवरी को रायपुर में हुई। बैठक में प्रदेश के 15 जिलों के संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान आरटीई की राशि में बढ़ोतरी, नर्सरी व केजी-1 में प्रवेश देने समेत 9 मांगों को लेकर संघ के पदाधिकारियों ने चर्चा की। प्रदेशाध्यक्ष सुबोध राठी ने कहा कि निजी विद्यालयों को आरटीई की प्रतिपूर्ति की राशि को पहली बार दीपावली के पहले भुगतान किया गया, जो की पहले 2-3 वर्षों में मिलाती थी। निजी विद्यालयों में भुगतान की जाने वाली आरटीई प्रतिपूर्ति की राशि में बढ़ोतरी के लिए शासन से बातचीत चल रही है। प्रदेश में शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने संगठन विगत कई वर्षों से मांग करता आ रहा है कि प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर पर बोर्ड परीक्षा आयोजित की जाएं। 5वीं, 8वीं बोर्ड घोषित हो गया है। संगठन यह भी मांग करता है कि अब इन बोर्ड परीक्षा में पास-फेल करने की पद्धति भी अपनाई जाए। बैठक में कई मांगों पर चर्चा हुईं, मांगों को लेकर शीघ्र ही प्रतिनिधि मंडल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के साथ बैठक करेगा। बैठक में अशासकीय विद्यालय संचालक संघ के सचिव मनोज पाण्डेय, उपाध्यक्ष अजय कुमार दुबे, जितेंद्र तिवारी, विशंभर साहू, सह सचिव अक्षय कुमार दुबे, सहसचिव पारखदास मानिकपुरी, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार पाण्डेय, तरुण भांडे अध्यक्ष धमतरी, राजेश सोनी अध्यक्ष बालोद, नरबद कश्यप अध्यक्ष मुंगेली उपस्थित थे।


