करौली में मंगलवार को रंगों का पर्व धुलंडी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लघु वृंदावन के नाम से प्रसिद्ध करौली शहर में श्रद्धा और उमंग का अनूठा संगम देखने को मिला। धुलंडी की शुरुआत क्षेत्र के आराध्य देव भगवान मदन मोहन मंदिर से हुई। मंगला आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में रंग और गुलाल अर्पित कर होली खेली। मंदिर परिसर में अबीर-गुलाल उड़ाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। ढोल, चंग और होली गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए मंदिर से शहर की ओर निकले। मुख्य बाजारों और गलियों में रंगों की फुहारें बिखर गईं। सुबह से ही युवा और बच्चे घरों से निकलकर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दे रहे थे। शहर के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर होली गीतों की गूंज सुनाई दी। चंग और ढोलक की थाप पर टोलियां गली-गली घूमकर लोगों को होली की बधाई दे रही थीं। धुलंडी के अवसर पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया था। रमजान माह को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतते हुए आपसी सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।


