जालंधर डॉक्टर के घर फायरिंग के आरोपी अरेस्ट:नाकों पर शक से बचने के लिए बाइक पर धार्मिक झंडा लगाया, 2 पिस्टल किए बरामद

जालंधर के संतोखपुरा में डॉक्टर यशपाल के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने इस संबंध में प्रेस वार्ता की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगजीत सिंह पुत्र दलजीत सिंह (निवासी गांव बडाला जोहल भाणा जंडियाला) और लवप्रीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह (निवासी गांव बडाला जोहल थाना जंडियाला गुरु, अमृतसर) के रूप में हुई है। इनके खिलाफ थाना 8 में एफआईआर संख्या 55 दिनांक 28.02.2026 / 25,109 बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से कुल दो पिस्तौल बरामद किए गए हैं। इनमें एक .30 बोर और एक .32 बोर की पिस्तौल शामिल है, जिनमें मैगज़ीन लगी हुई थी। इसके अतिरिक्त, एक .32 बोर की पिस्तौल, एक .30 बोर की रेंज पिस्टल और एक .30 बोर की मैगज़ीन भी मिली है। घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े भी आरोपियों से बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करेगी और उनसे अन्य घटनाओं तथा बरामद हथियारों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। यह घटना 28 फरवरी की रात करीब 1.40 बजे हुई थी। बाइक सवार दो आरोपियों ने डॉक्टर की नई कार और उनके घर पर फायरिंग की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वे घटनास्थल से फरार हो गए थे। आरोपियों ने अपनी बाइक पर धार्मिक झंडा लगाया हुआ था और वे करतारपुर की ओर निकल गए थे। घटना के बाद से पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। हमलावरों ने डॉक्टर के घर और कार पर कुल 10 गोलियां चलाई थीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *