अलवर जिला हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर के बाहर साधु के वेश में मिले शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान उसके हाथ पर अंग्रेजी में गुदे हुए “MONU” नाम से हुई। उसके बाल और दाढ़ी बढ़े हुए थे, जिससे वह साधु जैसा लग रहा था। रविवार को 108 एंबुलेंस से अलवर आया था। ट्रॉमा सेंटर के बाहर आज सुबह मृत पाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार बोला- शराब पीने की लत थी मृतक किशनगढ़ बास निवासी मनोज कुमार (40) था। उसके बड़े भाई ने बताया कि मनोज करीब 5 साल पहले साधु बन गया था। उसे शराब पीने की लत थी। वह पिछले 4 साल से घर नहीं आया था। उसकी शादी भी नहीं हुई थी। दैनिक भास्कर ऐप पर खबर देखने पर हॉस्पिटल आए और पहचान की। परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया है। लिखित कार्रवाई के बाद डॉक्टरों और पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। एंबुलेंस ड्राइवर को बोला था- कुछ दिन का मेहमान हूं 108 एंबुलेंस के चालक के अनुसार, मनोज एक दिन पहले रामगढ़ से एंबुलेंस में अलवर आया था और तब से हॉस्पिटल परिसर में ही रह रहा था। उसने पानी भी मांगा था और कहा था कि वह “एक-दो दिन का ही मेहमान” है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


