अंबिकापुर के ट्रांसपोर्ट नगर बहेरापारा में बीती रात मामूली विवाद पर बेटे ने टांगी के पासे से पिता के सिर पर वार कर दिया। पिता की मौत हो गई तो शव को बेटे ने पानी के टंकी में डाल दिया और घर में सो गया। हत्या की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आरोपी बेटे को घर से गिरफ्तार कर लिया है। सुबह पुलिस ने शव को टंकी से बाहर निकलवाया। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, बहेरापारा निवासी पारस केरकेट्टा (50 वर्ष) अलग मकान में रहता था। उसके घर के पास ही किराए के मकान में उसका छोटा बेटा प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा (25 वर्ष) रहता था। बीती रात प्रभात केरकेट्टा पिता के घर गया था। करीब 11 बजे प्रभात शराब के नशे में घर पहुंचा। इस पर पिता पारस केरकेट्टा ने उसे डांटते हुए नाराजगी जताई। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद से भड़के प्रभात ने घर में रखी टांगी निकाल ली और पिता के सिर पर कई बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से पारस की मौके पर ही मौत हो गई। शव को टंकी में डाला, बिरयानी खाकर सो गया बेटा
पिता की मौत के बाद आरोपी ने शव को घर के बगल में बनी छोटी पानी की टंकी में डाल दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह पास की एक दुकान पर गया और बिरयानी खाकर वापस लौटा और वापस घर लौटकर आया और कंबल ओढ़कर सो गया। घटना के दौरान आसपास के लोगों ने विवाद होते देखा था। पारस केरकेट्टा की हत्या की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर मणिपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी प्रभात केरकेट्टा को हिरासत में ले लिया।
पकड़े जाने के बाद आरोपी ने पुलिस से कहा कि यह घटना गुस्से में “बाय मिस्टेक” हो गई। पुलिस ने निकलवाया शव
मंगलवार सुबह मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पुलिस ने पानी टंकी से बाहर निकलवाया। फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पारस केरेकेट्टा के सिर में चोट के निशान मिले हैं। थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि घटना शराब पीने को लेकर विवाद के कारण हुई है। आरोपी पुलिस हिरासत में है। मामलेे की जांच की जा रही है।


