झारखंड में होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं:रांची समेत सभी जिलों में हाई अलर्ट, ड्रोन से निगरानी, लगभग 5 हजार अतिरिक्त जवान तैनात

रंगों के त्योहार होली को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए झारखंड में प्रशासन ने कमर कस ली है। राजधानी रांची सहित सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संवेदनशील इलाकों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। राज्य भर में झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप), इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) और गृह रक्षा वाहिनी के करीब पांच हजार जवानों को विधि-व्यवस्था ड्यूटी में लगाया गया है। रांची में ही लगभग तीन हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात हैं। हुड़दंगियों पर होगी सीधी कार्रवाई बीती रात से ही चौक-चौराहों पर ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने या हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उत्पाद विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अवैध शराब के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। होली और रमजान एक साथ होने के कारण प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने। जबरन रंग लगाने, अश्लील गाने बजाने या दो गुटों के बीच झड़प की आशंका वाले क्षेत्रों में पुलिस की पैनी नजर रहेगी। कई जिलों में ड्रोन कैमरे से निगरानी की व्यवस्था की गई है। शराब बिक्री पर रोक, अस्पतालों में इमरजेंसी तैयारी होली के दिन कई जिलों में शराब की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। रांची जिले में सभी खुदरा शराब दुकानें, बार, क्लब और थोक बिक्री केंद्र बंद रहेंगे। इस अवधि में शराब की बिक्री और आपूर्ति पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं संभावित हादसों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी पूरी कर ली है। रिम्स समेत सभी जिला अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। मेडिसिन, सर्जरी और ऑर्थोपेडिक विभाग की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। ट्रॉमा सेंटर में अतिरिक्त बेड आरक्षित किए गए हैं। आईसीयू को तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। तीन शिफ्ट में रहेगी डॉक्टरों की ड्यूटी इमरजेंसी वार्ड में जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया गया है। जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की तीनों शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। होली के दौरान संभावित हादसों से निबटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी कर रखी है। अस्पतालों में डॉक्टरों की ड्यूटी के लिए सतर्क रहने को कहा गया है। सदर अस्पताल में दुर्घटना में घायलों के उपचार के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अवकाश के दौरान नियमित ओपीडी सेवाएं बाधित रहेंगी, लेकिन आपात स्थिति के लिए इमरजेंसी में डॉक्टरों की टीम बनाई गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *