धौलपुर के कंचनपुर थाना क्षेत्र के कुर्रेंदा गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग ने दो परिवारों को प्रभावित किया है। इस घटना में दो कच्चे मकान, एक झोपड़ी और पशुओं के लिए रखे भूसे के ढेर जलकर खाक हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था। ग्रामीण अजय राज परमार ने बताया कि सुंदरिया पुत्र बेदरिया की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि झोपड़ी में रखी करीब 95 हजार रुपये की नगदी, अनाज और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। इसके साथ ही सुंदरिया के तीन भूसे के ढेर भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए। आग की लपटें पास में ही रहने वाले खचेरू के घर तक भी पहुंच गईं। खचेरू के कच्चे मकान और पशु वाड़े में भी आग लग गई, जिससे वहां रखा सामान जल गया। ग्रामीणों ने बाल्टियों और मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना के बाद दोनों परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। त्योहार नजदीक होने के कारण परिवारों की चिंता और बढ़ गई है। पूर्व सरपंच विशंभर परमार ने मानवीय पहल करते हुए दोनों पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपने घर और जीवन को दोबारा संवार सकें।


