छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में इस होली त्यौहार में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात होंगे, तो बदमाशों और हुड़दंगकारियों पर ड्रोन की मदद से निगरानी की जाएगी। इस दौरान 400 पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। किसी भी प्रकार की बदमाशी करते पाए जाने पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। मिली जानकारी के मुताबिक SSP शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना कोतवाली, चक्रधरनगर, जूटमिल, कोतरारोड और खरसिया क्षेत्र में 5 ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। इसकी लगातार मानिटरिंग भी होगी। वहीं शहर में 27 पेट्रोलिंग यूनिट्स की लाइव लोकेशन के साथ एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप सक्रिय किया गया है। जिससे आवश्यकता पड़ने पर निकटतम पेट्रोलिंग टीम तत्काल सहायता प्रदान कर सकेगी। ड्रोन, व्हाट्सएप ग्रुप और शहर भर के CCTV कैमरों की निगरानी के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में विशेष मॉनिटरिंग रूम बनाया गया है। जहां एक्सपर्ट की टीम रियल टाइम मॉनिटरिंग कर किसी भी घटना या दुर्घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया देगी। होली के दौरान जिले में उपलब्ध पुलिस बल के साथ छठवीं बटालियन और मैनपाट बटालियन से प्राप्त बल समेत लगभग 400 पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे।
फिक्स पिकेट प्वाईंट बनाए गए
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए शहर के चार थाना क्षेत्रों में 27 पेट्रोलिंग पार्टी बनाए गए हैं। इसके अलावा 16 चेकिंग पॉइंट्स व कोतवाली क्षेत्र में 24, कोतरारोड में 12 और जूटमिल व चक्रधरनगर में 10-10 फिक्स पिकेट पॉइंट स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त एडी स्क्वॉड की टीम भी लगातार सक्रिय रहेगी।
सादी वर्दी में असामाजिक तत्वों पर निगरानी
रायगढ़ की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से सोशल मीडिया की निगरानी की जा रही है। ऐसे में आपत्तिजन या भड़काऊ पोस्ट पर कार्यवाही की जाएगी। साइबर थाना और महिला थाना की टीम सादी वर्दी में असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखेगी और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही अनुविभाग के थानों में SDOP थानों और पुलिस लाइन के अतिरिक्त बल के साथ मुस्तैद रहेंगे।
वाटर एरिया पर निगरानी रखने के निर्देश
थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के वाटर एरिया पर विशेष निगरानी रखने, प्रशिक्षित होमगार्ड गोताखोरों की तैनाती करने व फायर ब्रिगेड को विभिन्न स्थानों पर तैयार रखने को कहा गया है। होली के दिन गार्डन बंद रहेंगे और शहर सहित आउटर क्षेत्रों में भी लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी। ड्यूटी पर तैनात जवानों के लिए समय पर भोजन व पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हुड़दंग बिल्कुल बर्दास्त नहीं किया जाएगा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, हुड़दंग, छेड़छाड़, शराब पीकर वाहन चलाना या शांति भंग करने की कोशिश बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि त्यौहार की आड़ में कानून तोड़ने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


