होली व रमजान पर पुलिस अलर्ट 500 जवानों ने किया फ्लैग मार्च

कोरिया और एमसीबी जिले में आगामी होली पर्व और रमजान माह को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सोमवार को पुलिस बल ने शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकालकर असामाजिक तत्वों और हुड़दंग करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च में 500 से अधिक पुलिस कर्मी और अधिकारी सक्रिय रहे। होली के दौरान भी हर चौक-चौराहों और संवदेनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके अलावा पुलिस अधिकारी पेट्रोलिंग भी करेंगे। फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र से की गई। इसके बाद मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मुख्य बाजार, फव्वारा चौक और घड़ी चौक तक निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष रूप से गश्त की गई, जिससे असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बने। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। होली के दौरान अक्सर रंग-गुलाल के नाम पर हुड़दंग और शराब के नशे में वाहन चलाने की घटनाएं सामने आती हैं। इसे देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए यातायात पुलिस को ब्रीथ एनालायजर उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से संदिग्ध वाहन चालकों की जांच की जाएगी। नशे में पाए जाने पर चालान के साथ-साथ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने की व्यवस्था की गई है। पुलिस की साइबर सेल टीम को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है, जो फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री पर नजर रखेगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *