धनबाद पुलिस की होली से पहले मॉक ड्रिल:उपद्रवियों से निपटने और शांति बनाए रखने की तैयारी, अफवाहों पर नियंत्रण के विशेष निर्देश

धनबाद पुलिस ने 4 मार्च को मनाए जाने वाले होली पर्व से पहले शांति व्यवस्था बनाए रखने और उपद्रवियों से निपटने के लिए विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया। यह अभ्यास पुलिस लाइन परिसर में किया गया, जिसका उद्देश्य त्योहार के दौरान संभावित भीड़ नियंत्रण और आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की रणनीति को परखना था। मॉक ड्रिल के दौरान, पुलिस के एक दल ने आम नागरिकों की भूमिका निभाई, जबकि दूसरे दल को सुरक्षा बल के रूप में तैनात किया गया। अभ्यास में यह दिखाया गया कि अनियंत्रित भीड़ या विवाद की स्थिति में पुलिस कैसे चरणबद्ध तरीके से हालात को नियंत्रित करेगी। पुलिस बल ने लाठी चार्ज और आंसू गैस के गोलों का प्रयोग कर न्यूनतम बल के साथ स्थिति पर काबू पाने का प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने जवानों को भीड़ के मनोविज्ञान, अफवाहों पर नियंत्रण और संवेदनशील इलाकों में संयम बरतने के विशेष निर्देश दिए। प्रशिक्षु आईएएस अंकित सिन्हा ने बताया कि होली जैसे त्योहारों में छोटी-छोटी बातों पर विवाद की आशंका रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और गश्ती दल लगातार सक्रिय रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *