राजधानी-एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में बन रहा खाना,VIDEO:बैन के बावजूद IRCTC के अफसरों की मौजूदगी में लापरवाही, रेलवे ने क्षेत्रीय प्रबंधक से मांगा जवाब

छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में भोजन पकाने को लेकर सोमवार को रेलवे के अफसर प्लेटफार्म पर जांच कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर दिल्ली जाने के लिए रवाना होने वाली राजधानी एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में IRCTC के अफसरों की मौजूदगी में स्टाफ भोजन बना रहे थे। रेलवे के अधिकारियों ने इस मामले में IRCTC के क्षेत्रीय प्रबंधक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। बता दें कि रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर एक्सप्रेस ट्रेनों के पेंट्रीकार में भोजन बनाने पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बाद भी IRCTC के कर्मचारी नियमों को दरकिनार कर पेंट्रीकार में खाना बनाते हैं। दरअसल, एक्सप्रेस ट्रेनों की पेंट्रीकार में भोजन बनाना प्रतिबंधित कर दिया गया है। दो-तीन ट्रेनों में गैस सिलेंडर की वजह से आगजनी की घटनाएं हो चुकी है। जिसके कारण रेलवे ​बोर्ड ने सख्ती के साथ पेंट्रीकार में खाना बनाने पर रोक लगा दिया है। नियम के अनुसार पेंट्रीकार में केवल भोजन और नाश्ता आदि बेस किचन से ही चढ़ाने का प्रावधान है। राजधानी एक्सप्रेस के पेंट्रीकार में बन रहा था भोजन सोमवार दोपहर 1.15 बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की रैक आकर लगी। एक दिन पहले ही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में भोजन पकाते मिला था, रेलवे अफसर इसकी जांच कराने का दावा करते रहे। लिहाजा, कुछ मीडिया कर्मी राजधानी एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में पहुंचे। तब वहां पर भी पेंट्रीकार में भोजन पक रहा था। इस दौरान तीन हीटर पर भगौना चढ़ा था जिसमें चावल, दाल पक रहा था। एक में पानी उबल रहा था। आलू उबालकर रखा गया था। कच्चा आलू और बैगन काटकर रखा हुआ था। पैकेट में बंद रोटी और साथ ही पैकेट में भी कुछ रखा हुआ ​था। कर्मचारी बोले- स्टाफ के लिए बना रहे थे भोजन वहां पर मौजूद पेंट्रीकार के कर्मचारियों के अलावा एक सुपरवाइजर या मैनेजर भी था। इस बीच सीसीआई मनोज साहा और स्टेशन मास्टर ओझा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पेंट्रीकार की जांच की तो वहां पर खाना पकाते मिला। इसके बाद उन्होंने पेंट्रीकार के मैनेजर से पूछताछ की तो बताया कि व्यक्ति IRCTC दिल्ली का अधिकारी है जो पेंट्रीकार के साथ चलता है। कर्मचारियों ने बताया कि स्टाफ के लिए भोजन बनाया जा रहा है। IRCTC क्षेत्रीय प्रबंधक से मांगा गया जवाब छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में भोजन पकाने के मामले से रेलवे प्रशासन की ओर से एक IRCTC के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर अवगत कराया गया है। पत्र में यह कहा गया कि इस मामले की जांच करें और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें। साथ ही इस मामले का जवाब रेलवे को दें। वहीं, राजधानी एक्सप्रेस में सोमवार को रेलवे स्टेशन में भोजन पकाने की शिकायत रेलवे अफसरों से की गई है। जिस पर पूछताछ की जा रही है। साथ ही IRCTC को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *