विरोध कर रहे प्रेमिका के भाई को मार डाला:बठिंडा में हत्या को हादसा दिखाने की रची साजिश लेकिन टूटी कार ने खोले राज

बठिंडा नेशनल कॉलोनी के पास नहर में लापता हुए रामकिशन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, रामकिशन की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर सुखबीर सिंह और उसके जीजा गुरप्रीत सिंह ने मिलकर की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी सिटी नरेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि सुखबीर सिंह मृतक रामकिशन की बहन रमनदीप कौर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। रामकिशन इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था। इसके कारण दोनों के बीच कई बार कहासुनी हुई थी। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रामकिशन को बहाने से अपने साथ लिया और उसे शराब पिलाई। इसके बाद उसे कार में नहर किनारे ले जाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को दुर्घटना दिखाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया गया। हत्या के बाद, आरोपियों ने यह कहानी गढ़ी कि उनकी कार नहर में गिर गई थी और वे किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि रामकिशन लापता हो गया। हालांकि, पुलिस को कार नहर में नहीं, बल्कि किनारे सड़क पर एक तरफ से क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी मिली। इस स्थिति ने पुलिस को संदिग्ध बना दिया और जांच की दिशा बदल गई। एसपी सिटी नरेंद्र सिंह ने बताया कि सुखबीर सिंह और गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। शव की तलाश के लिए एनडीआरएफ की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य सबूतों के आधार पर मामले को मजबूत कर रही है। शव बरामद होने के बाद घटनाक्रम की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *