डूंगरपुर में महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश:रोडवेज बस स्टैंड पर जेवर चुराने वाली 2 आरोपी गिरफ्तार

डूंगरपुर में कोतवाली थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन महिलाओं पर 2 महीने पहले रोडवेज बस स्टैंड पर एक महिला के बैग से सोने के जेवर चोरी करने का आरोप है। कोतवाली थानाधिकारी अजय सिंह राव ने बताया कि अशोक नगर, डूंगरपुर निवासी मधुबाला जैन (56) ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी को दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी 13 साल की बेटी के साथ रोडवेज बस स्टैंड से बस में सवार हुई थीं।
बस में भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिलाओं ने उनके हैंडबैग से करीब 4-5 तोला वजनी चार सोने की चूड़ियां और आधा तोला वजनी सोने के टॉप्स चुरा लिए थे। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के आधार पर 2 आरोपी महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान मानपुर, आबूरोड शहर, जिला सिरोही निवासी सुंदरी उर्फ लक्ष्मी (55) और बिंदिया (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इन आरोपितों के खिलाफ चितरी, धंबोला, सागवाड़ा, शिवगंज और पाली सहित विभिन्न क्षेत्रों में चोरी और लूट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरफ्तार महिलाओं से गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है और उनकी तलाश में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *