लुधियाना में पिता-पुत्र ने कब्जाई विधवा की जमीन:महिला ने तीन लाख में खरीदी थी, रात में दीवार गिराई, पशु बांधे

लुधियाना जिले के जोधा थाना क्षेत्र के गांव नंगल कलां में जमीन विवाद को लेकर पुलिस ने बाप-बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने उन पर जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। जोधा पुलिस ने कुलविंदर कौर की शिकायत के आधार पर गुरमेल सिंह और उसके बेटे चरणजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों आरोपी नंगल कलां गांव के ही निवासी हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। शिकायतकर्ता कुलविंदर कौर ने पुलिस को बताया कि उनके स्वर्गीय पति हाकम सिंह के तीन भाई थे और पुश्तैनी संपत्ति का बंटवारा हो चुका था। इसके अतिरिक्त, लुधियाना के नंगल कलां गांव में लाल लकीर के अंदर 3 बिस्वे जमीन उनके ससुर जोगिंदर सिंह के नाम थी। कुलविंदर कौर ने यह जमीन वर्ष 2023 में तीन लाख रुपए में खरीदी थी और उनके पास इसकी रजिस्ट्री मौजूद है। आरोपी ने जमीन की दीवार गिराई कुलविंदर कौर के अनुसार, वे साल 2011 से इस जमीन पर काबिज हैं और इसका उपयोग घर का सामान, भूसा तथा पशुओं का चारा रखने के लिए करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके जेठ गुरमेल सिंह इस जमीन को लेकर रंजिश रखते थे और चूंकि यह जमीन ‘लाल लकीर’ में आती है, इसलिए वे कई वर्षों से इस पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। शिकायत में बताया गया है कि कुछ समय पहले जब कुलविंदर कौर का परिवार किसी रिश्तेदार के यहां गया हुआ था, तब गुरमेल सिंह ने अपने बेटे चरणजीत सिंह के साथ मिलकर रात के समय जमीन की दीवार गिरा दी। उन्होंने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से वहां अपने पशु भी बांध दिए। जांच अधिकारी ने पुष्टि की है कि मामले की गहन जांच के बाद पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी अभी भी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *