भास्कर न्यूज | कवर्धा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में रविवार को कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए परीक्षा हुई। यह परीक्षा स्वामी करपात्री जी हायर सेकेंडरी स्कूल कवर्धा में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चली। 388 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 333 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से हुई। कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश पर परीक्षा केंद्र पर समुचित व्यवस्था की गई। परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। परीक्षा की निगरानी अपर कलेक्टर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, नायब तहसीलदार, केंद्राध्यक्ष और ईएमआरएस के प्राचार्य ने की। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्था देखी। परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रेक्षक ने ओएमआर शीट को सीलबंद कर थाने में जमा कराया। निर्देश दिए गए कि इसे निर्धारित तिथि पर उच्च कार्यालय भेजा जाए। चयनित स्टूडेंट्स को मिलेगी शिक्षा व हॉस्टल की सुविधा यह परीक्षा आदिवासी विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर है। चयनित विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रावास सुविधा और समग्र विकास के अवसर मिलते हैं। प्रशासन और शिक्षा विभाग ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की व्यवस्था की है। परीक्षा के सफल आयोजन से विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। इस परीक्षा के आधार पर ही विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। सभी केंद्रों में कड़ी निगरानी परीक्षा केंद्रों में कड़ी निगरानी और बेहतर प्रबंधन से छात्रों को अनुशासित माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए।


