करौली की मामचारी थाना पुलिस ने स्मैक तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से स्मैक की खरीद फरोख्त को लेकर पूछताछ में जुटी है। मामचारी थाना अधिकारी कमलेश मीणा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार को रोकने और अपराधियों की धर-पकड़ को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मामचारी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार आरोपी प्रेम सिंह (23) पुत्र गुलाब, निवासी मार का पुरा भांकरी थाना लांगरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक स्कार्पियो कार को भी जब्त किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना स्मैक का कारोबार करने की बात स्वीकार की है। थाना अधिकारी ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस गंगापुर मोड पहुंची थी। जहां पुलिस को देख कर आरोपी भागने लगा। पुलिस ने घेरा देकर आरोपी को गंगापुर मोड़ से आरोपी को दस्तयाब कर जांच की। जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से स्मैक की खरीद फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है।


