परीक्षा नियंत्रक डॉ. आशीष झा 220 दिन बाद निलंबन मुक्त, पीजी मैथ में लेंगे क्लास

एजुकेशन रिपोर्टर| रांची रांची यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक डॉ. आशीष कुमार झा को 220 दिन यानि सात माह बाद निलंबन मुक्त कर दिया गया है। इससे संबंधित नोटिफिकेशन सोमवार शाम को जारी कर दिया गया है। डॉ. पीजी गणित विभाग में योगदान देंगे। बताते चलें कि परीक्षा नियंत्रक डॉ. आशीष कुमार झा की नियुक्ति झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक के पद पर नियुक्ति हुई थी। परीक्षा का प्रश्न पत्र प्रिंट नहीं होने के कारण सेंटर से बिना पेपर लिखे दो विषय के परीक्षार्थी लौट गए थे। केमेस्ट्री और इकोनॉमिक्स विषय शामिल था। इस मामले में परीक्षा नियंत्रक को पिछले साल 27 जुलाई को निलंबित किया गया था। वहीं जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर केमेस्ट्री की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. स्मृति सिंह और इकोनॉमिक्स के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नीतेश कुमार ने शोकॉज नोटिस जारी किया गया था। इधर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जेपीएससी को पत्र भेजकर परीक्षा नियंत्रक को पद से हटाने की ओर ध्यान आकृष्ट कराया था। लेकिन दो पत्र भेजने के बाद भी जेपीएससी ने जवाब नहीं दिया। क्योंकि जेपीएससी का अध्यक्ष पद पिछले साल 22 अगस्त से खाली है। सीनियर लेक्चरर के पद पर देंगे योगदान : निवर्तमान परीक्षा नियंत्रक डॉ. आशीष झा समेत अन्य शिक्षकों का इंटरव्यू के माध्यम से एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर चयन हुआ था। सीनियर लेक्चरर से एसोसिएट प्रोफेसर बनने के एक दशक से भी अधिक समय बाद डॉ. झा समेत आधा दर्जन शिक्षकों का जेपीएससी ने प्रमोशन वापस लिया। इससे डॉ. झा एक बार फिर सीनियर लेक्चरर हो गए। प्रमोशन वापस लेने मामले में जेपीएससी की किरकिरी हुई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *