कोटा शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के शिवसागर इलाके में देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब भाजपा नेता प्रभात कश्यप अपने साथियों और रिश्तेदारों के साथ एक घर में घुस गया। आरोप है कि धारदार हथियारों, सरियों और लाठियों से लैस आरोपियों ने जमकर तोड़फोड़ की, फायरिंग की और परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। इस हमले में एक व्यक्ति और उनकी पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने उद्योग नगर थाने में रिपोर्ट दी और बताया कि रवि कश्यप ने पहले रास्ता रोककर उनकी बहन से बदतमीजी की। विरोध करने पर गाली-गलौज की और धमकी दी। देर रात करीब 11:30 बजे रवि कश्यप, उसका भाई, जीजा प्रभात कश्यप और चार-पांच अन्य लोग हथियारों के साथ उनके घर के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने गेट तोड़कर घर में घुसते ही कार और मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। छत पर खड़े पीड़ित के ऊपर दो से तीन फायर किए गए, जिनमें से एक गोली छत की रेलिंग में लगी। घर में घुसने के बाद रवि ने सरिये से पीड़ित की बहन के सिर पर वार किया, जबकि प्रभात कश्यप ने धारदार परसे से पीड़ित पर हमला कर दिया, जिससे दोनों बेहोश होकर गिर पड़े। परिवार के अन्य सदस्य बचाने दौड़े तो हमलावरों ने उन्हें भी जान से मारने की कोशिश की और मारपीट कर मौके से फरार हो गए। भाजपा नेता ने नशे की हालत में थाने में किया ड्रामा घटना के बाद उद्योग नगर थाने में प्रभात कश्यप रिपोर्ट लिखने पहुंचा नशे की हालत में पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की और हाई वोल्टेज ड्रामा किया। काफी देर तक हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया और भाजपा नेता प्रभात कश्यप को हिरासत में ले लिया। उसके साथ दो-तीन और लोगों को भी पुलिस ने थाने में डिटेन कर रखा है। उद्योग नगर के एएसआई गिर्राज मीणा ने बताया कि प्रभात कश्यप मारपीट कर पहले फरियादी बनकर थाने पर आ पहुंचा। हमने उससे जानकारी ली की क्या घटना हुई तो प्रभात ने बताया कि मुझे जान से मारने की कोशिश की मेरे ऊपर फायरिंग की है और कपड़े खोलकर थाने में खड़ा हो गया मैंने उससे पूछा कि कहां लगी तो कहने लगा मुझे नहीं देनी रिपोर्ट। शराब के नशे में सोशल मीडिया पर लाइव आकर एसपी, आईजी से मदद की गुहार लगाई। पुलिस को गुमराह करने के लिए प्रभात कश्यप ने अपने ऊपर फायरिंग की झूठी कहानी गढ़ी। उसने पुलिस को बताया कि उस पर और उसकी कार पर शिवराज गैंग ने हमला किया है, जबकि जांच में मामला दूसरा पाया गया। कुछ दिनों पहले भी प्रभात ने शिवराज गैंग पर फिरौती मांगने की शिकायत थाने में दर्ज करवाई थी। — ये खबर भी पढ़ें कोटा में भाजपा नेता सत्तू बालिता के खिलाफ केस दर्ज:पुलिस से मारपीट-अभद्रता का आरोप, शिल्पा शेट्टी को देखने के लिए भिड़े थे कोटा में आयोजित कोटा प्रीमियर लीग के दौरान बड़ा विवाद सामने आया है। जेके पवेलियन स्टेडियम में कार्यक्रम के बीच भाजपा नेता और कोटा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सत्यप्रकाश शर्मा उर्फ ‘सत्तू बालिता’ पर पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्रता का आरोप लगा है। (पूरी खबर पढ़ें)


