अनबन के बाद पीहर गई पत्नी को उसका पति राजीखुशी टैक्सी में लेकर पाली के लिए रवाना हुआ। बीच रास्ते दोनों में बहस हुई। गुस्साए पति ने पत्थरों से पत्नी के सिर पर कई वार किए। गंभीर हालत में महिला को जोधपुर के हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामला पाली जिले के रानी थाना इलाके के भगवानपुरा गांव का है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, भगवानपुरा गांव निवासी कविता की अप्रेल 2016 में पाली के अशोक कुमार से शादी हुई थी। शादी के बाद कविता ने एक साथ दो बच्चों को जन्म दिया, जिनका नाम लव- कुश रखा। इसके बाद कुछ महीनों से अशोक कविता से मारपीट करने लगा, जिससे परेशान होकर वह 25 फरवरी को पीहर आ गई और 26 फरवरी को पति के खिलाफ रानी थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने करवाया था दोनों पक्षों में समझौता
पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता कराया। जिसके बाद अशोक अपनी पत्नी कविता को किराए पर लेकर आई टैक्सी में बिठाकर पाली के लिए रवाना हो गया। बीच रास्ते दोनों के बीच फिर बहस हो गई और अशोक ने चलती गाड़ी में कविता से मारपीट की। टैक्सी ड्राइवर ने गाड़ी रोकी तो सड़क किनारे पड़े पत्थर से अशोक ने कविता के सिर पर कई वार किए। इससे कविता लहूलुहान हो गई, जिसे इलाके लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां से उसे जोधपुर रेफर किया गया। इस बीच इलाज के दौरान जोधपुर हॉस्पिटल में 2 मार्च को कविता की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
मृतका के परिजन और समाज के लोग सोमवार को जिला कलेक्टर एलएन मंत्री और एसपी चूनाराम जाट से मिले। ज्ञापन सौंपा और आरोपी की गिरफ्तारी होने के बाद ही बॉडी उठाने की बात कही। पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जिसके बाद मृतका का पोस्टमॉर्टम हुआ। SHO बोले- हत्या की धारा में किया मामला दर्ज
रानी थाना प्रभारी पन्नालाल ने बताया- मृतका के परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या और प्रताड़ित करने की धारा में मामला दर्ज किया। मृतका की हत्या के आरोपी उसके पति अशोक को हिरासत में लिया है। जोधपुर हॉस्पिटल से पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि अशोक अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसको लेकर दोनों में अनबन होती थी।


