धुंधाड़ा में धुलंडी पर्व हर्षोल्लास से मनाया:रावला चौक पर रात 8 बजे तक चले पारंपरिक फागण गीत और नृत्य

धुंधाड़ा कस्बे में धुलंडी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंगलवार रात 8 बजे तक कई स्थानों पर विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। धुलंडी के अवसर पर मंगलवार सुबह कस्बे में कई स्थानों पर होली दहन स्थलों पर ग्रामीणों ने पारंपरिक सभाएं आयोजित कीं। इस दौरान शुभ कार्य के तहत ग्रामीणों में गुड़ का वितरण किया गया। मंगलवार सुबह भाटियों का चौक, संत लिखमाराम नगर, गौर चौक, मेघवालों का बास रामदेवरा चौक और दर्जियों का चौक में कार्यक्रम हुए। इसके बाद रात 8 बजे तक रावला चौक में ग्रामीणों ने पारंपरिक फागण गीत गाते हुए चंग पर थाप दी और डाके के साथ पांवों में घुंघरू बांधकर उत्साह के साथ नृत्य किया। इस दौरान महिलाओं ने भी कई स्थानों पर परंपरागत लूर नृत्य किया और फागण के गीत गाए। विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों द्वारा डांडिया गेर का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। कई स्थानों पर सुबह रंग, गुलाल और अबीर के साथ धुलंडी का पर्व मनाया गया। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल भी हर साल की तरह अपने पैतृक धुंधाड़ा में आयोजित इन समारोहों में शामिल हुए और ग्रामीणों को होली की शुभकामनाएं दीं।
बुधवार को धुंधाड़ा कस्बे में ठाकुर जी के मंदिर पर फूलडोर का आयोजन किया जाएगा। इसमें हजारों की संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु भाग लेंगे, जहां प्रसाद के रूप में फुलिया का वितरण किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *