बयाना उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिंघाड़ा में होली के अवसर पर वार्षिक कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। मंगलवार देर शाम तक चले इस दंगल में राजस्थान सहित हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब के सैकड़ों पहलवानों ने अपने दांवपेंच दिखाए। पहलवानों का परिचय कराकर कराई कुश्ती की शुरूआत
कार्यक्रम में बयाना विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने पहलवानों का परिचय करवाकर कुश्तियों की शुरुआत कराई। विधायक ने अखाड़े के चारों ओर दर्शकों के बैठने के लिए सीढ़ियां बनवाने और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार के स्तर पर आधुनिक स्टेडियम जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। बराबरी पर छूटी 71 हजार रुपए की कुश्ती
दंगल की सबसे बड़ी 71 हजार रुपए इनामी राशि की आखिरी कुश्ती पहलवान हरेंद्र आगरा और शिवा मथुरा के बीच हुई। निर्धारित 10 मिनट के समय तक दोनों पहलवानों ने अखाड़े में जोर आजमाइश की, लेकिन कोई भी एक-दूसरे को चित नहीं कर सका, जिसके बाद निर्णायकों ने कुश्ती को बराबरी पर समाप्त घोषित किया। इसी प्रकार, 51 हजार रुपए इनामी राशि के लिए पहलवान सतवीर सैह और दीपक नूरपुर के बीच हुई कुश्ती भी बराबरी पर छूटी। इसके अतिरिक्त, 21 हजार रुपए की कुश्ती शेरा पहलवान डीग और ऋषि पहलवान धौलपुर, 11 हजार रुपए की कुश्ती गब्बर पहलवान हाथिया और महेश नगला तुला, 11 हजार रुपए की कुश्ती सोनेराम धौलपुर और ललितेश सैह, 7100 रुपए की कुश्ती नत्थन पहलवान नगला तुला और गोविंद बसेड़ी के बीच हुईं, जो सभी बराबरी पर समाप्त हुईं। दंगल में कुल लगभग 60 कुश्तियां हुईं। बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
दंगल को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दंगल में रामखिलाड़ी मास्टर, कुश्ती कोच दिगंबर सिंह सिनसिनवार और बाबू पहलवान ने रेफरी की भूमिका निभाई। कमेटी की ओर से राजस्थान केसरी रहे क्षेत्रीय पहलवान धारासिंह चैनपुरा का अखाड़े में विशेष सम्मान किया गया। ये रहे मौजूद
इस अवसर पर गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष भूरा भगत, सरपंच दामो प्रहलाद गुर्जर, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि दीवान शेरगढ़, पूर्व सैनिक संघ अध्यक्ष बलराम कांवर, भामाशाह नरेश पटेल भगोरी, रालोद नेता सुरजीत सिंह फौजदार खुशीराम बंगसपुरा, घासीराम ठेकेदार, मानसिंह सिंघाडा, झमोली सिंघाडा, निहाल पटेल, सरनाम सिंह, पप्पा सरपंच, ओपी टाइगर, जयसिंह, लखन पहलवान, बीपी जहाजिया, दिनेश दत्तात्रेय, बिशन सिंह आदि मौजूद रहे।


