शिप्रापथ थाना पुलिस ने सोमवार को महाकुंभ से चर्चा में आए आईआईटियन बाबा अभय सिंह को एक होटल से हिरासत में ले लिया। उनके पास से डेढ़ ग्राम गांजे की पुड़िया मिली। हालांकि पूछताछ के बाद बाबा को जमानत पर छोड़ दिया गया। थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि होटल पार्क क्लासिक की ओर से पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी गई थी कि अभय सिंह नाम का एक व्यक्ति होटल में ठहरा हुआ है। वह सुसाइड करने का प्रयास कर रहा है। बाबा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज पुलिस ने होटल से आईआईटियन बाबा अभय सिंह निवासी झज्जर हरियाणा को हिरासत में ले लिया। उसने डेढ़ ग्राम गांजे की पुड़िया निकाल कर पुलिस को दी। बाबा ने कहा कि वे गांजे के नशे में थे, सुसाइड करने की कोई जानकारी दी हो तो उन्हें खुद को पता नहीं। अल्प मात्रा में गांजा मिलने के कारण जमानती पेश करने पर उनकी जमानत हो गई। हालांकि, उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि अभय सिंह ने आईआईटी बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की है।


