जैसलमेर जिले में पिछले तीन चार दिन बादल छाए रहने के बाद अब मौसम साफ होने लगा है। सोमवार रात से तेज हवाएं चलने से मौसम में फिर से बदलाव आया। रात व अलसुबह तेज हवाओं ने ठंडक का एहसास दिलाया। वहीं दिन में तल्ख धूप लोगों के पसीने छुड़ा रही है। अब रात में भी गर्मी का असर बढ़ रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री व न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री दर्ज किया गया। दिन व रात के पारे में 14 डिग्री का अंतर रहा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार व बुधवार को तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस दौरान दिन व रात के पारे में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। तेज हवाओं से जीरी की फसल को हो सकता है नुकसान कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार अगर तेज हवाएं चलती है तो जीरा फसल को नुकसान हो सकता है। वहीं गर्मी से गेहूं भी फसलें मुरझा सकती है। मौसम में हो रहे लगातार बदलाव से मौसमी बीमारियों का भी प्रकोप बढ़ चुका है। अस्पतालों में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को सुबह से ही धूप खिली रही। वहीं दिन भर हवाएं भी चली। दोपहर में लोगों को गर्मी से बेहाल होना पड़ा। अब गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी गर्मी का असर तेज है। गेहूं की फसलों पर सिंचाई की सलाह तापमान में हो रही बढ़ोतरी से गेहूं की फसलों को नुकसान की संभावना है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि गर्मी बढ़ने से गेहूं की फसलें मुरझा सकती है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि गेहूं की फसलों पर सिंचाई करते रहे। साथ ही गेहूं की फसलों पर पोटेशियम नाइट्रेट का छिड़काव करें। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि खरपतवार का भी उचित निदान करें। मौसम विभाग ने जैसलमेर जिले में आगामी चार दिन मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि मंगलवार व बुधवार को तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस दौरान दिन व रात के पारे में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी।


