प्रदेश के मौसम में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ देखा जा सकता है। नागौर में फाल्गुनी हवाओं के साथ ही तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव चल रहा है। पिछले दिनों बादलवाही और बारिश-ओले से गुलाबी ठंडक का अहसास होने लगा था, लेकिन सोमवार शाम से आसमान साफ होने के बाद दिन में धूप में तेजी है। आज सुबह से जिलेभर में फाल्गुनी हवाएं चल रही हैं। फिलहाल आसमान साफ होने के कारण अधिकतम तापमान भी बढ़ रहा है। सोमवार शाम से हवाएं चलने के बाद सर्दी का हल्का असर बढ़ गया है। आज सुबह से फाल्गुनी हवाओं ने जोर पकड़ा हुआ है। बाइक पर ठंड का अहसास जरुर हो रहा है, लेकिन वैसे मौसम सामान्य बना हुआ है। नागौर में आज तापमान में भी बदलाव देखने को मिला है। अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। नागौर के सरकारी एग्रीकल्चर कॉलेज स्थित वेदर स्टेशन पर आज सुबह न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले रविवार रात को बादलवाही के कारण यहां न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं सोमवार को जिले में अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम एक्सपर्ट्स के अनुसार फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।


