राजस्थान गार्गी पुरस्कार योजना (प्रथम और द्वितीय किस्त) और बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार 2024-25 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 मार्च तय की गई है।
टोंक DEO माध्यमिक मीना लसारिया ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर द्वारा आयोजित कक्षा 10, प्रवेशिका परीक्षा, स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल और कक्षा 10 (व्यावसायिक शिक्षा) परीक्षा 2024 में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को गार्गी पुरस्कार की प्रथम किश्त के रूप में 3000 रुपए दिए जाएंगे। इसके लिए वे ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। इसी तरह कक्षा 10 की इन्हीं परीक्षाओं में 2023 में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राएं ( वर्तमान में कक्षा 12 में अध्ययनरत) गार्गी पुरस्कार की द्वितीय किश्त के लिए आवेदन कर सकती हैं। उन्हें भी 3000 रुपए दिए जाएंगे । कक्षा 12, वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा और स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल परीक्षा 2024 में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार के तहत 5000 रुपए दिए जाएंगे। इसके लिए भी ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। ऑफलाइन आवेदन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन के लिए स्टूडेंट का जन-आधार नंबर और जन-आधार मेंबर आईडी अनिवार्य है। पुरस्कार राशि सीधे छात्रा के जन-आधार से जुड़े स्वयं या परिवार की महिला मुखिया के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी।


