गुमला जिले में एक व्यापारी के टेम्पो को अज्ञात अपराधियों ने आग के हवाले कर दिया। सदर प्रखंड के चरका टांगर निवासी तिलक साहू के ऑटो को देर रात जलाया गया। आग जलने की आवाज सुनकर तिलक साहू और उनकी पत्नी घर से बाहर निकले। गांव वालों की मदद से आग पर काबू पाया गया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक ऑटो का काफी हिस्सा जल चुका था। ग्रामीणों ने रात में ही पूरे इलाके में अपराधियों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह घटना की जानकारी स्थानीय मुखिया सत्यवती देवी को दी गई। जिसके बाद गुमला थाना प्रभारी को सूचित किया। किराना दुकान को भी बना चुके हैं टारगेट पीड़ित तिलक साहू ने बताया कि जाम टोली में उनकी किराना दुकान है। इससे पहले भी अज्ञात लोग तीन-चार बार दुकान में आग लगा चुके हैं। दुकान में आग लगने की घटनाओं की एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने जांच की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुमला सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए टीम भेजी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।


