बस्तर पुलिस ने धार गैंग के सदस्य को पकड़ा:आरोपी पर चोरी के 83 मामले दर्ज, चुराया गया सोना-चांदी खपाता था

बस्तर पुलिस ने मध्य प्रदेश के धार जिले के कुख्यात गैंग से जुड़े एक सक्रिय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को खपाने का काम करता था। बस्तर थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में कुल 83 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 60 स्थायी वारंट लंबित हैं। इससे पहले इसी गैंग के चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। बस्तर में भी दर्ज हैं मामले पुलिस के अनुसार, थाना बस्तर में दर्ज अपराध क्रमांक 15/2024 धारा 457, 380, 34 भादवि और अपराध क्रमांक 116/2025 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए पहले पारस अलावा उर्फ अम्लियार, दीतू अलावा उर्फ अम्लिया, भुवन सिंह अलावा और पंकेश अनारे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि चोरी किए गए सोने-चांदी को खपाने का काम मध्यप्रदेश के धार जिले का निवासी रमेश चौहान करता था। SP ने टीम गठित की थी मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शलभ कुमार सिन्हा और एएसपी महेश्वर नाग के निर्देशन में बस्तर पुलिस की एक टीम मध्यप्रदेश रवाना की गई। टीम ने धार जिले के थाना टांडा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपलदलिया में दबिश देकर 40 वर्षीय रमेश चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गिरफ्तार चारों आरोपियों से चोरी का माल लेकर उसे आगे बेचने का काम करता था। जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ कई राज्यों में कुल 83 अपराध दर्ज हैं और 60 स्थायी वारंट लंबित हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, पिछले दो महीनों में धार गैंग के कुल पांच सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बस्तर जिले के आड़ावाल, सनसिटी हाउसिंग बोर्ड और बस्तर हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा इसी कार्रवाई के बाद हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *