भास्कर न्यूज | जांजगीर चांपा नगर स्थित रेलवे स्टेशन के पास बने ओवरब्रिज पर मंगलवार को सड़क हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में एक राहगीर के साथ‑साथ ट्रेलर चालक और हेल्पर घायल हुए हैं। कोरबा रोड की ओर से आ रहा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज के शुरुआती सेफ्टीवॉल से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। उसी समय वहां से गुजर रहा एक राहगीर इसकी चपेट में आ गया और घायल हो गया। ट्रेलर चालक और हेल्पर भी चोटिल हुए। घटना की जानकारी मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को शासकीय बीडीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद ओवरब्रिज पर कुछ देर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटवाकर आवागमन सुचारु कराया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।


