लुधियाना| थरीके रोड स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर में फाल्गुन मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर विशेष सत्संग और महामंत्र जाप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सवा घंटे तक चले अखंड स्वामीनारायण महामंत्र के जाप से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। सत्संग की शुरुआत में निष्काम स्वामी, माधव स्वामी और विश्वस्वरूप स्वामी ने मधुर धुनों के साथ स्वामीनारायण महामंत्र का संकीर्तन किया। इसके पश्चात नित्यस्वरूप स्वामी ने अपने प्रवचनों के माध्यम से मंत्र की महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के इस कठिन कलिकाल में स्वामीनारायण मंत्र अत्यंत अलौकिक और शक्तिशाली है। इसके निरंतर जाप से भक्तों के सभी शुभ मनोरथ बड़ी सरलता से पूर्ण होते हैं। स्वामी ने आगे बताया कि इस महामंत्र के जाप से जीव ब्रह्मरूप हो जाता है और मन शांत होकर भगवान की मूर्ति में लीन हो जाता है। इस अवसर पर प्रवीण भार्गव, अनिल चावला, हरीश शर्मा, रवि मनचंदा और अमरिंदर सिंह आदि भक्तों ने धर्म लाभ उठाया।


