भास्कर न्यूज |लुधियाना ऑटो रिक्शा में बैठने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में इस कदर बदला कि थाने के गेट पर ही महिला और निहंग सिंह के बीच हाथापाई हो गई। घटना सोमवार रात थाना डिवीजन-7 के बाहर हुई है। जहां गुस्से में आए निहंग ने बीच सड़क पर तलवार निकालकर लहरानी शुरू कर दी। पीड़ित महिला पूजा ने बताया कि वह एक निजी अस्पताल में काम करती है और रोज इसी रास्ते से आना-जाना करती है। घटना उस समय हुई जब वह रात में ड्यूटी खत्म कर ऑटो रिक्शा में बैठी थी। ऑटो सवारी का इंतजार कर रहा था, तभी निहंग सिंह वहां आया और ऑटो की चाबी निकालकर चालक को गालियां देने लगा। जब महिला ने गालियां देने से रोका तो निहंग ने उन्हें भी अपशब्द कहे और धक्के मारते हुए दूर तक ले गया। जब हालात बिगड़ने लगे तो महिला ने अपने परिवार को फोन कर बुलाया। तब निहंग सिंह ने तलवार निकालकर लहरानी शुरू कर दी। आरोप है कि निहंग सिंह ने थाने के गेट पर ही बीच सड़क में उसके परिवार पर हमला करने की कोशिश की। जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह थाने के बाहर की बताई जा रही है।
वहीं निहंग सिंह ने महिला और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि महिला एक गिरोह की मुखिया है, जो लोगों को फंसाकर लूटपाट करता है। महिला और उसके साथियों ने उसका मोबाइल फोन और नकदी भी छीन ली है। थाना डिवीजन-7 के एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं। शुरुआती जांच में आया कि विवाद ऑटो में बैठने को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।


