ईमेल बदलकर किया फर्जीवाड़ा, बैंक के नोटिस पर ठगी का हुआ खुलासा

शिमलापुरी इलाके में एक शातिर ठग ने परिवार को झांसे में लेकर उनके नाम पर क्रेडिट कार्ड और लोन निकलवाकर लाखों रुपए की ठगी कर ली। मामला सामने आने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता किरणजीत कौर निवासी गुरु गोविंद सिंह नगर, न्यू शिमलापुरी ने बताया कि आरोपी ने भरोसे में लेकर पहले उनके और परिजनों के अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए। इसके बाद उनके नाम पर कई क्रेडिट कार्ड बनवा लिए। आरोप है कि आरोपी ने चालाकी से सभी कार्डों में अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी लिंक कर दी, जिससे लेन-देन की कोई जानकारी परिवार को नहीं मिल सकी। उसने कार्डों का इस्तेमाल कर जमकर खरीदारी की और इसी दौरान परिवार के नाम पर बैंक से लोन भी ले लिया। पीड़िता के अनुसार, क्रेडिट कार्ड और लोन से निकाली गई रकम आरोपी ने अपनी मां रीना देवी के खाते में ट्रांसफर कर दी। जब बैंक से बकाया राशि को लेकर नोटिस आया, तब परिवार को ठगी का पता चला। मामले में पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार निवासी ढिल्लों नगर, लोहारा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी बचितर सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है और जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *