शहर के घाटी मोहल्ला, वाल्मीकि चौक के पास पुलिस की देरी दो युवकों पर भारी पड़ गई। एक्सीडेंट मामले में कार की पुष्टि करने पहुंचे दो दोस्तों को करीब 15 लोगों ने घेरकर बुरी तरह पीट दिया। पीड़ित सुरेश गर्ग निवासी हरगोविंद सिंह नगर ने बताया कि 18 फरवरी को उनके दोस्त तरनदीप सिंह के पिता सुखविंदर सिंह को किआ कार (PB-10-HM-4020) ने टक्कर मार दी थी। हादसे में सुखविंदर सिंह के पैर में गंभीर चोट आई। घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस को शिकायत दी गई। आरोप है कि कार्रवाई में देरी होने पर पीड़ित पक्ष ने खुद ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार नंबर से आरोपी चालक की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद सुरेश गर्ग अपने दोस्त सिमरपाल सिंह के साथ आरोपी के घर केवल कार की पुष्टि करने पहुंचे और पुलिस को मौके पर बुलाया। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस समय पर नहीं पहुंची। इसी दौरान आरोपी पक्ष को शक हुआ और उन्होंने दोनों को घेर लिया। करीब 15 लोगों ने उन पर हमला कर दिया और बुरी तरह मारपीट की। दोनों किसी तरह खुद को बचाकर वहां से भागने में सफल रहे। मामले में थाना डिवीजन-4 पुलिस ने शिकायत के आधार पर अद्वितीय बग्गन, ऋषि सोनी, गौतम, आकाश समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी किरन कुमार ने बताया कि फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


