इंस्टाग्राम पर रंजिश के चलते एनआरआई पर हमला, 8 के खिलाफ केस दर्ज किया

सोशल मीडिया पर बढ़ती पहचान अब आपराधिक रंजिश का कारण बनने लगी है। टिब्बा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर मशहूर इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर ‘टोनी’ का दोस्त होने के शक में कुछ युवकों ने एक एनआरआई युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक की पहचान यतिन पाल पुत्र नछतर पाल निवासी महाराणा प्रताप नगर के रूप में हुई है। यतिन ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त शिवम के साथ मोटरसाइकिल पर पेट्रोल डलवाने आया था। उसी दौरान वहां पहले से मौजूद ‘स्टार बॉय’ अपने 7-8 साथियों के साथ खड़ा था। यतिन के अनुसार, जैसे ही वह वहां पहुंचा तो आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया और कहा कि वह खुद को बहुत बड़ा समझता है और फेमस इंस्टाग्राम बॉय टोनी के साथ क्यों घूमता है। पीड़ित ने बताया कि वह करीब एक माह पहले ही मलेशिया से लौटा है और उसका किसी विवाद से कोई लेना-देना नहीं है। इसके बावजूद आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल यतिन पाल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। थाना टिब्बा पुलिस ने पीड़ित के बयान पर आरोपी ‘स्टार बॉय’ समेत 8 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सुरजन सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *