राज्य के 33 जिलों में होली को लेकर पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। सभी जगह त्योहार से पहले गुंडे-बदमाशों की धरपकड़ की गई। अवैध शराब से लेकर सूखे नशे तक पर कार्रवाई की गई। त्योहार के एक दिन पहले ही रात से सड़कों पर सख्त जांच शुरू कर दी गई। शहर में प्रवेश करने वाली हर गाड़ी की जांच की गई। शहर के भीतर भी एक-एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। नशे में वाहन चलाने वालों की मशीन से जांच की गई।
अधिकांश जिलों में इस बार ड्रोन से निगरानी की गई। संवेदनशील इलाकों, जहां हर साल विवाद की स्थिति बनती है, वहां अतिरिक्त फोर्स तैनात किया गया है। पुलिस इस बार जब्त की गई गाड़ियों को 12 घंटे के भीतर नहीं छोड़ रही है। वाहनों को 48 घंटे के लिए जब्त कर थानों में खड़ा किया गया है। अधिकांश जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर का प्रभारी एएसपी और डीएसपी को बनाया गया है। दूसरे शहरों की सीमाएं सील
दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, जशपुर से लेकर बस्तर तक पुलिस हाई अलर्ट पर है। इन इलाकों से गुजरने वाली हर गाड़ी की जांच की जा रही है। पुलिस ड्रोन के अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रख रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में कोटवार की मदद ली जा रही है और उनसे ग्रामीण पुलिस की तरह काम कराया जा रहा है। बॉर्डर को सील कर दिया गया है। रायपुर में 48 घंटे का अलर्ट, हर एक किलोमीटर पर पुलिस, हुड़दंगियों पर सख्ती रायपुर पुलिस कमिश्नरी क्षेत्र में हर एक किलोमीटर पर पुलिस तैनात की गई है। शहर के 45 से अधिक चौक-चौराहों पर पुलिस टेंट लगाकर तैनात हो गई है। सड़कों पर हुड़दंग करने वालों को तुरंत पकड़ा जा रहा है। उन्हें तत्काल कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। इस बार रायपुर में सख्ती इसलिए भी है, क्योंकि पुलिस का विशेष कोर्ट भी लगाया जा रहा है, जहां आरोपियों को सीधे पेश किया जा रहा है। रायपुर वेस्ट, ईस्ट और नार्थ जोन में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। गली-मोहल्लों में पैदल गश्त बढ़ाई गई है। इस बार बड़ी गाड़ियों की जगह बाइक पेट्रोलिंग को बढ़ाया गया है, ताकि हर इलाके तक पुलिस की पहुंच सुनिश्चित हो सके। सड़क पर तैनात पुलिसकर्मियों को बॉडी कैमरा भी दिया गया है। कमिश्नरी के 21 थानों में 21 अधिकारियों की ड्यूटी
पुलिस कमिश्नरी के 21 थानों में 21 राजपत्रित अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। हर थाने के ऊपर एक राजपत्रित अधिकारी तैनात है। इसके अलावा सादी वर्दी में क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम तैनात की गई है, जो बाइक से लगातार गश्त कर रही है। इसी तरह रायपुर देहात क्षेत्र में भी सख्ती बढ़ाई गई है। वहां 4 थानों पर एक एएसपी और डीएसपी की ड्यूटी लगाई गई है। देहात के थानों में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।


