मुक्तसर | विश्व श्रवण शक्ति दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने माता जरनैल कौर मेमोरियल इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम सिविल सर्जन डॉ. सुनील बांसल की अगुवाई में हुआ, जिसमें डॉक्टरों, स्टाफ और विद्यार्थियों ने भाग लिया। जिला परिवार भलाई अफसर डॉ. कुलतार सिंह ने बताया कि हर साल 3 मार्च को लोगों को कानों की बीमारियों के प्रति जागरूक करने के लिए मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि कानों में गंदा पानी न जाने दें और कानों में तेल, माचिस की तीली या कोई नुकीली चीज न डालें। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. गुरमीत कौर भंडारी ने कहा कि अगर कान बह रहे हों, सुनाई कम दे, शोर की आवाज आए या चक्कर आए तो तुरंत डॉक्टर से जांच करवाएं। गर्भावस्था में बिना सलाह दवाई न लें और बच्चों का पूरा टीकाकरण करवाएं। तेज आवाज, ईयरफोन और पटाखों से भी कानों को बचाएं। उन्होंने 60 वर्ष की उम्र के बाद साल में एक बार कानों की जांच करवाने की सलाह दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्किट और पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए जागरूकता संदेश दिया।


