भास्कर न्यूज | बठिंडा होली के त्योहार को लेकर युवाओं और बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के प्रमुख बाजारों में रंगों, पिचकारियों और गुब्बारों की खरीदारी जोरों पर है। त्योहार की खुशियां दोगुनी करने के लिए बाजार रंग-बिरंगे सजावटी सामान से सजे नजर आ रहे हैं। वहीं जिला सेहत विभाग और पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं तथा धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को लेकर आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। मंगलवार को अमरीक सिंह रोड, धोबी बाजार, कोर्ट रोड, गांधी मार्केट, सिरकी बाजार, मेहना चौक, परसराम नगर और प्रताप नगर सहित प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ गई। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आर्टिफिशियल फूलों और रंगीन झालरों से सजाया है। खासकर सिरकी बाजार, गांधी मार्केट और किकर बाजार की होलसेल दुकानों पर ग्राहकों का तांता लगा रहा। व्यापारी रंग, गुलाल और अन्य होली सामग्री पर आकर्षक छूट दे रहे हैं। बाजार में इस बार विभिन्न प्रकार की पिचकारियां उपलब्ध हैं। बच्चों और युवाओं के लिए इलेक्ट्रिक पिचकारी खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जो सेल से चलती है। इसके अलावा 5 से 10 लीटर टंकी वाली प्रेशर पिचकारी भी बाजार में उपलब्ध है, जिसकी रेंज करीब 10 मीटर तक बताई जा रही है। दुकानदारों के अनुसार छोटे बच्चों के लिए उनके पसंदीदा कार्टून पात्रों वाली पिचकारियां भी लाई गई हैं। जिनमें डोरेमोन, मोटू पतलू व अन्य कार्टून की पिचकारियां लाई गई हैं, इनकी ओर बच्चों का खास रुझान देखा जा रहा है। कीमतों की बात करें तो इलेक्ट्रिक पिचकारी 1100 रुपये तक बिक रही है। पंप वाली पिचकारी 150 से 400 रुपये, टैंकर पिचकारी 200 से 500 रुपये, डोरेमोन थीम पिचकारी 50 से 140 रुपये तथा मोटू पतलू थीम पिचकारी करीब 60 रुपये में उपलब्ध है। हालांकि 200 से 300 रुपये की पिचकारी की सबसे ज्यादा मांग है। रंग-बिरंगे गुब्बारों के पैकेट 5 रुपये से लेकर 100 रुपये तक बिक रहे हैं। वहीं आज भी शहर के विभिन्न इलाकों में युवाओं ने होली खेली। गलियों-बाजारों में युवा बाइक और स्कूटियों पर हुड़दंग मचाते दिखाई दिए। होली के मद्देनजर सरकारी अस्पतालों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है। डॉक्टरों और स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर उन्हें स्टेशन न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। विशेषज्ञ डॉक्टर शहर में ही मौजूद रहेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। सिविल अस्पताल की एसएमओ डॉ. सोनिया गुप्ता ने बताया कि होली के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं राउंड द क्लॉक उपलब्ध रहेंगी। इमरजेंसी में 14 बेड की व्यवस्था की गई है, जहां मेडिकल ऑफिसर रोस्टर के अनुसार तैनात रहेंगे। ईएनटी और नेत्र सर्जन ऑन-कॉल उपलब्ध रहेंगे। एंटी एलर्जिक क्रीम, आई आइंटमेंट और आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। अस्पताल के सुरक्षा गार्डों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर मेडिकल टीम से लैस एंबुलेंस सेवा इमरजेंसी के बाहर उपलब्ध रहेगी, जिसके लिए ड्राइवरों की ड्यूटी लगा दी गई है। अस्पताल 24 घंटे अलर्ट, डॉक्टर-स्टाफ की छुट्टियां रद्द


