जालंधर में आज होली पर पुलिस की हुड़दंगियों पर नजर रहेगी। पुलिस ने होली खेलने वालों के अपील की है कि त्योहार को शांतिपूर्ण और प्यार से मनाएं। इसी के साथ शहर के कई मंदिरों में होली खेली जाएगी। इस्कॉन मंदिर में फूलों की होली का इंतजाम रहेगा।
इससे पहले जालंधर के डिप्टी कमिश्नर डॉक्टर हिमांशु अग्रवाल ने दिव्यांग बच्चों के साथ होली का त्योहार मनाया। डीसी होली से पहले विशेष बच्चों के बीच गए और उनसे रंग लगवाया।
रेड क्रॉस दिव्यांग स्कूल और प्रयास स्कूल के दिव्यांग बच्चे डीसी के साथ होली की खुशी मनाते नजर आए। इस मौके पर उन्होंने बच्चों को फल और पिचकारी आदि बांटकर उनके साथ होली की खुशियां सांझा की। डीसी बोले-ये रंगों का नहीं, एकता-मेलजोल का भी त्योहार
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आपसी प्यार, एकता और मेलजोल का भी त्योहार है। उन्होंने सभी से होली मिलकर मनाने और आपसी भाईचारे के बंधन को और मजबूत करने की कोशिश करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह त्योहार जहां बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, वहीं होली के रंग अनेकता में एकता का संदेश भी देते हैं।
दिव्यांग बच्चों में अनोखी प्रतिभा
दिव्यांग बच्चों को समाज का अहम हिस्सा बताते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि यह बच्चे किसी भी तरह से कम नहीं हैं, बल्कि इनमें अनोखी प्रतिभा और हिम्मत है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें बहुत सुकून मिला है। डा. अग्रवाल ने इस मौके पर रेड क्रॉस ओल्ड एज होम के बुज़ुर्गों को फल आदि भी बांटे और उनसे बातचीत करके उनका हालचाल जाना। उन्होंने त्योहार के मौके पर जिले के लोगों की सुख, शांति और खुशहाली की भी कामना की। इस दौरान रेड क्रॉस दिव्यांग स्कूल के स्टूडेंट्स ने सांस्कृतिक झलकी भी पेश की। इस मौके पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सेक्रेटरी सुरजीत लाल भी मौजूद रहे।


