आज आसमान रहेगा साफ; दोपहर लगेगी तेज धूप:झारखंड में दो दिनों में 2-3 डिग्री बढ़ेगा तापमान, रांची में 31 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

झारखंड में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 9 मार्च तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। कहीं भी वर्षा या आंधी-तूफान की संभावना नहीं जताई गई है। राजधानी रांची सहित उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा। 6 और 7 मार्च को कुछ स्थानों पर दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन इससे मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल राज्य में किसी प्रकार की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। रांची में 33 डिग्री तक पहुंचेगा पारा मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य के अधिकतम तापमान में अगले दो दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। रांची में 4 और 5 मार्च को अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक पहुंच सकता है। 6 मार्च को यह 32 डिग्री और 7 मार्च को 33 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री के आसपास रहेगा। हल्की गर्माहट के बावजूद सुबह-शाम मौसम सुहावना बना रहेगा। दक्षिणी छोटानागपुर, संथाल परगना, कोल्हान और पलामू प्रमंडल सहित राज्य के सभी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। कहीं भी वज्रपात या तेज हवा की आशंका नहीं है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि आगामी दो दिनों तक भी हालात ऐसे ही बने रहेंगे। डालटेनगंज सबसे गर्म, खूंटी में अब भी ठंड पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। मौसम केंद्र रांची के अनुसार अधिकतम तापमान में अधिकांश स्थानों पर विशेष परिवर्तन नहीं हुआ, जबकि कुछ जिलों में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। डालटेनगंज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर और चाईबासा में भी पारा 35 डिग्री के पार रहा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खूंटी में सबसे कम तापमान, आगे भी शुष्क रहने के आसार न्यूनतम तापमान की बात करें तो खूंटी सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 11.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। गढ़वा, लोहरदगा और सिमडेगा सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राज्य में शुष्क मौसम बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 6 मार्च के बाद पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में देखने को मिल सकता है, लेकिन झारखंड पर इसका सीधा असर फिलहाल नहीं पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *