रंगों के पर्व होली के दिन जहां एक ओर लोग उत्सव में डूबे नजर आए, वहीं अजमेर-पुष्कर मार्ग स्थित पुष्कर घाटी में सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण कई छोटे-बड़े हादसे सामने आए। अजमेर से पुष्कर और पुष्कर से अजमेर आने-जाने वाले पर्यटकों की गाड़ियां गड्ढों में फंसने और असंतुलित होने लगीं, जिससे कई लोग गिरकर चोटिल हो गए। घटनाओं में स्टूडेंट्स, महिलाएं और बाहरी टूरिस्ट भी शामिल रहे। होली के चलते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में अधिक थी, ऐसे में सड़क की खराब स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई। सूचना मिलते ही हरिभाऊ नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस स्टाफ ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तुरंत कार्रवाई की। दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए मिट्टी मंगवाई गई और पुलिसकर्मियों ने स्वयं फावड़े उठाकर सड़क के गड्ढों को भरना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने अपनी ड्यूटी से बढ़कर जिम्मेदारी निभाते हुए यातायात को सुचारू कराया और राहगीरों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की। समय रहते की गई इस कार्रवाई से आगे संभावित हादसों को टाला जा सका। होली के मौके पर पुलिस की यह संवेदनशीलता और तत्परता चर्चा का विषय बनी रही।


