करौली के मण्डरायल क्षेत्र के नींदर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव खेत की मेड़ पर अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंडरायल थाना अधिकारी रामचंद्र ने बताया कि मृतक विनोद उर्फ बबलू शर्मा सोमवार शाम करीब 4 से 4:30 बजे खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 8 बजे वह खेत की मेड़ पर अचेत अवस्था में मिला। परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता रामराज शर्मा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि विनोद का श्योपुर जिले के कैमारा खुर्द निवासी इमरत लाल रावत के साथ करीब 5 लाख 80 हजार रुपये का लेन-देन था। आरोप है कि विनोद द्वारा रुपए वापस मांगने पर इमरत लाल और उसकी पत्नी ने अभद्रता की तथा उसे गंभीर धाराओं और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी थी। इस लेन-देन की लिखित पुष्टि 500 रुपए के स्टांप पेपर पर होने का भी रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है और एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अनुज के अनुसार, इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


