भास्कर न्यूज| तरनतारन सीआईए स्टाफ तरनतारन की पुलिस ने कई मामलों में नामजद जोगिंदर सिंह उर्फ डोगर निवासी गली डेयरी वाली काजीकोट रोड़ तरनतारन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 30 बोर का तुर्की मेड जगाना पिस्तौल बरामद हुआ है। डोगर पुलिस के हाथ तब लगा जब वह वरना कार पर गांव पिद्दी की तरफ आ रहा था। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी के खिलाफ जिला तरनतारन के अलग-अलक थानों में 9 केस दर्ज है। सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पैक्टर प्रभजीत सिंह ने बताया कि एएसआई रुपिंदर सिंह को सूचना मिली थी कि आरोपी डोगर अपनी कार में जगाना पिस्तौल लेकर घूम रहा है। इसी तहत सीआईए स्टाफ ने गांव पिद्दी के पास दोपहर 1 बजे नाकेबंदी कर दी और कार में आ रहे जोगिंदर डोगर को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी से 30 बोर का पिस्तौल बरामद हुआ। जिसमें एक मैगजीन और 3 जिंदा कारतूस मौजूद थे। इंस्पैक्टर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्मज एक्ट के अलावा 9 केस जिला तरनतारन में दर्ज हैं। जिसके गिरफ्तार होने से पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। मामले की जांच कर रहे एएसआई रुपिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी को तरनतारन की अदालत में पेश कर उसका दो दिन का पुलिस रिमांड लिया है। जिससे कई और अहम खुलासे होने की संभावना है।


