भास्कर न्यूज | तरनतारन शिक्षा विभाग संघर्ष कमेटी तरनतारन के नेतृत्व में शिक्षकों ने टैट मुद्दे और लंबित वित्तीय मांगों को लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गांधी पार्क में एकत्र होकर चार खंभा चौक, तरनतारन में पंजाब सरकार का पुतला फूंका। इस प्रदर्शन की संयुक्त अगुवाई गुरमीत सिंह भुल्लर (मास्टर कैडर यूनियन पंजाब), गुरिंदर सिंह बब्बू (जिला प्रधान, ईटीयू पंजाब), मनजिंदर सिंह ढिल्लों (जिला प्रधान, लेक्चरर यूनियन), जनरल सचिव सुखदेव राज और सुखविंदर सिंह धामी ने की। आगुओं ने कहा कि पंजाब सरकार लंबे समय से कर्मचारियों की 16 प्रतिशत डीए की बकाया किस्त, ग्रामीण भत्ता, एसीपी और पुरानी पेंशन बहाली जैसे मुद्दों पर चुप्पी साधे बैठी है। उन्होंने आरोप लगाया कि टैट के मामले का समाधान करने की बजाय शिक्षकों को लगातार नए-नए पत्र जारी कर उलझाया जा रहा है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही टैट मामले पर उचित समाधान नहीं निकाला, सुप्रीम कोर्ट में समीक्षा याचिका दायर नहीं की और लंबित 16 प्रतिशत डीए जारी नहीं किया तथा पुरानी पेंशन और अन्य भत्तों को बहाल नहीं किया, तो आने वाले दिनों में शिक्षा विभाग संघर्ष कमेटी पंजाब सरकार के खिलाफ तीखा आंदोलन छेड़ेगी। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की ।


