भास्कर न्यूज | पलारी सोमवार को ग्राम पंचायत बोहारा में आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक संगीता सिन्हा रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पूजा-अर्चना से हुआ। अपने संबोधन में विधायक सिन्हा ने कहा कि यह भवन केवल ईंट और पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि गांव के भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र बच्चों के बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास का प्रमुख आधार बनेगा। यहां बच्चों को सुरक्षित एवं आधुनिक वातावरण में खेल-खेल में सीखने का अवसर मिलेगा। साथ ही गर्भवती महिलाओं एवं 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों को पूरक पोषण, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच जैसी आवश्यक सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध होंगी। उन्होंने भविष्य में भी क्षेत्र में ग्रामीण विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को श्रीफल, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपसरपंच दुलारी सार्वा, पूर्व सरपंच रेणुका साहू, कुंजेश साहू, लिखन देवदास, राजू साहू सहित डॉ. किशोर साहू , दुर्गुराम राम सिन्हा, केदार देवांगन, तामेश्वर साहू, टोमन लाल उपस्थित रहे।


