पन्ना में 100 साल पुराने मकान का छज्जा गिरा:मलबे की चपेट में आने से महिला घायल; रामनाथ मंदिर जा रही थी

पन्ना शहर के वार्ड नंबर-7 में मंगलवार को कचहरी चौराहे के पास स्थित करीब 100 साल पुराने एक जर्जर मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। इस घटना में वहां से गुजर रही एक महिला मलबे की चपेट में आकर घायल हो गई, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह मकान प्रकाशवंती शर्मा का है। त्योहार के कारण टला बड़ा हादसा चश्मदीदों के मुताबिक, जिस जगह यह हादसा हुआ वह कचहरी चौराहे से रामनाथ मंदिर जाने वाला मुख्य शॉर्टकट रास्ता है। आम दिनों में यहां काफी चहल-पहल रहती है और मोहल्ले के बच्चे भी यहीं खेलते हैं। गनीमत रही कि होली का त्योहार होने के कारण गलियां खाली थीं और बच्चे मैदान में थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आम दिन होता, तो मलबे की चपेट में आने से कई लोग हताहत हो सकते थे। घायल महिला अस्पताल में भर्ती हादसे के समय पन्ना आईं श्रद्धालु सरस्वती प्रणामी वहां से गुजर रही थीं, तभी छज्जा गिर गया और वह घायल हो गईं। मकान गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। फिलहाल घायल महिला का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। जर्जर भवनों की जांच और मुआवजे की मांग घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से शहर के पुराने और जर्जर मकानों की जांच करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य राकेश शर्मा ने प्रशासन से अपील की है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है, इसलिए उन्हें शासन की ओर से उचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *