मंडीदीप ब्लॉक के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने मंगलवार शाम पैदल मार्च निकाला और होटल-ढाबों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 23 लीटर अवैध शराब और 6 पेटी मसाला शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चार थानों की पुलिस ने संभाली सुरक्षा एसडीओपी शीला सुराणा के मार्गदर्शन में मंडीदीप, सतलापुर, ओबेदुल्लागंज और गौहरगंज थाना क्षेत्रों में विशेष गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाना है। पुलिस की इस सक्रियता से अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। होटल-ढाबों पर छापामार कार्रवाई और जब्ती पुलिस की अलग-अलग टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में घेराबंदी कर तलाशी ली। सतलापुर: थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने ढाबों की जांच की और 3 पेटी अवैध शराब बरामद की। ओबेदुल्लागंज: थाना प्रभारी भरत प्रताप सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 लीटर शराब जब्त की। भोजपुर चौकी: यहाँ बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई 3 पेटी शराब पकड़ी गई और दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। गौहरगंज व चिकलोद: थाना प्रभारी विजय परमार ने कस्बे में फ्लैग मार्च किया, वहीं चिकलोद चौकी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 10 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की शराब जब्त की। हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए मुख्य बाजारों और ढाबों की लगातार चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर हुड़दंग करने वालों और अवैध रूप से नशा बेचने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। देखें तस्वीरें…


