इंदौर के खुडैल थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम डेढ़ साल की बच्ची की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। खुडैल पुलिस के अनुसार 18 माह की रजनी, पिता संदीप, निवासी तिल्लोर, शाम को घर के पास खेत में खेल रही थी। खेत में पानी के लिए खोदे गए गड्ढे की ओर जाते समय वह औंधे मुंह गिर गई। 20 मिनट तक रही पानी में करीब 20 मिनट बाद दादी ने तलाश की तो बच्ची गड्ढे में मिली। परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर गए। वहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि घटना के समय मां घर में खाना बना रही थी और दादी पास में काम कर रही थी। उन्हें लगा कि बच्ची घर में ही है। रजनी माता-पिता की इकलौती संतान थी। पिता मजदूरी करते हैं। अस्पताल में परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया, लेकिन मामला पुलिस केस होने के कारण शव को मर्चुरी में रखवाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


