चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया थाना क्षेत्र के गीदाखेड़ा इलाके में पुलिस ने जंगली जानवरों के शिकार का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुनसान सरकारी जमीन पर लोहे का पिंजरा लगाकर उसमें मृत मवेशी और भोजन सामग्री रखकर जंगली जानवरों को फंसाते थे। शिकार की पूरी निगरानी सीसीटीवी कैमरे से की जा रही थी। मृत गाय मिलने से खुला राज जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे सूचना मिली कि खटीकों का खेड़ा बस्ती के पीछे सरकारी जमीन पर लगे बड़े पिंजरे में मृत गाय पड़ी है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लगा। होलिका दहन ड्यूटी के बावजूद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में स्पष्ट हुआ कि पिंजरा जंगली जानवरों को फंसाने के उद्देश्य से लगाया गया था। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। सीसीटीवी से संदिग्ध वाहन की पहचान मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी भदेसर विनोद लखेरा की निगरानी में मंडफिया थानाधिकारी रविंद्र सैन ने दो विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस ने चिकारड़ा से मंडफिया मार्ग तक लगे 40–50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में एक संदिग्ध पिकअप वाहन घटना स्थल के आसपास घूमता मिला। वाहन की पहचान के बाद अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी भी जब्त कर ली गई। ऐसे रचते थे शिकार की साजिश पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले ऐसी जगह चुनते थे जहां जंगली जानवरों की आवाजाही अधिक हो। वहां बड़ा लोहे का पिंजरा लगाया जाता, जिसका दरवाजा रस्सी से जोड़ा जाता था। पिंजरे में मृत मवेशी और भोजन सामग्री रखी जाती ताकि गंध से जानवर आकर्षित हों। जैसे ही कोई जानवर अंदर प्रवेश करता, आरोपी दूर से रस्सी खींचकर दरवाजा बंद कर देते। पास के शीशम के पेड़ पर लगाया गया सीसीटीवी कैमरा उनके मोबाइल से जुड़ा था, जिससे उन्हें गतिविधि की सूचना मिल जाती थी। डम्प यार्ड के कारण चुना स्थान आरोपियों ने बताया कि पास में स्थित डम्प यार्ड में रोजाना फेंके जाने वाले भोजन के कारण क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही रहती थी। पहले दो दिन रेकी कर स्थिति का आकलन किया गया, फिर 1 मार्च को पिंजरा लगाकर जाल बिछाया गया। मृत गाय को पिकअप से लाकर पिंजरे में डाला गया था। योजना के तहत मोटरसाइकिल से अतिरिक्त भोजन भी लाया गया ताकि गंध दूर तक फैले। दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश गिरफ्तार आरोपियों में पवन हरिजन उर्फ कालू (25) निवासी भादसोड़ा और विकास हरिजन (29) निवासी भीलवाड़ा शामिल हैं। पूछताछ में 4–5 लोगों की संलिप्तता सामने आई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि यह पूर्व नियोजित साजिश थी और आरोपी जंगली जानवरों का शिकार कर मांस उपयोग व बिक्री की तैयारी में थे।


