भास्कर न्यूज | राजपुर 28 फरवरी को विकासखंड के विभिन्न माध्यमिक शालाओं में शिक्षकों और बच्चों के सामूहिक प्रयास के माध्यम से विज्ञान मेला का आयोजन किया गया। इसमें बच्चे, पालक, शिक्षक और समुदाय के अन्य लोग उपस्थित होकर के बच्चों के सीखे हुए विषय-वस्तु को समझने का और जानने का प्रयास कर रहे थे। इसके साथ ही न केवल बच्चों ने मेले का आयोजन किया, बल्कि बच्चों ने विज्ञान को परिवेश से जोड़ते हुए आसान और सरल वस्तुओं के प्रयोग करना, प्रयोग करके सीखना और नई खोज करने की और एक कदम बढ़ाने के प्रयास से अवगत कराया। शासन द्वारा उपलब्ध कराया गया विज्ञान गेट का समुचित रूप से प्रयोग करते हुए बच्चों ने कुछ मॉडल का प्रस्तुतीकरण भी किया, जिसे उन्होंने बखूबी समझने का एक सार्थक प्रयास किया। आयोजन के दौरान पालक, सरपंच, बीडीओ, एबीईओ व आसपास के निजी विद्यालयों के शिक्षक भी मौजूद रहे।


