भास्कर न्यूज | चिरमिरी शासकीय लाहिड़ी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चिरमिरी में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर दो दिवसीय शैक्षणिक व प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करना व राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करना रहा। दो दिनों तक महाविद्यालय परिसर में रंगोली प्रतियोगिता, वाद-विवाद, क्विज, विज्ञान आधारित खेल, डिजिटल पोस्टर प्रस्तुति व विशेष व्याख्यान जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, ज्ञान और कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से वैज्ञानिक सोच, नवाचार और नेतृत्व क्षमता के विकास पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का मार्गदर्शन प्राचार्य डॉ. आरती तिवारी ने किया। मुख्य वक्ता डॉ. रेशमा लकड़ा ने विज्ञान और शोध के क्षेत्र में महिलाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना सशक्त भारत की परिकल्पना अधूरी है। उन्होंने छात्राओं को उच्च शिक्षा और तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विभिन्न विभागों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्राध्यापकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता रही। समापन अवसर पर विज्ञान जागरूकता और नवाचार को निरंतर बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।


