मंगलवार को मणिपाल युनिवर्सिटी जयपुर में होली खेलना छात्रों को भारी पड़ गया। कैंपस में आयोजित होली पार्टी के दौरान डीजे के साथ लोहे के स्क्वायर और क्रेननुमा ढांचा लगाया गया था। इसी दौरान अचानक स्क्वायर क्रेन गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब 20 स्टूडेंट्स घायल हो गए। इनमें से 17 छात्रों को इलाज के लिए मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना मंगलवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। रात में मामले की जानकारी मिलने पर बगरु थाना पुलिस मणिपाल यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंची। बगरु थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस जाब्ता भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैंपस में छात्र होली पार्टी के दौरान रैन डांस कर रहे थे। इसी दौरान कुछ छात्र क्रेन पर लटक गए, जिससे संतुलन बिगड़ गया और ढांचा गिर पड़ा। इसी वजह से यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस घायलों के नाम, आयोजन की अनुमति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।


